अभी मैं जब यह लिखने लगा तो मुझे पोस्ट के शीर्षक के लिए कुछ सूझ नहीं रहा था ...फिर अचानक बचपन से सुनाई दे रहा गीत याद आ गया...दुनिया की सैर कर लो....यू-ट्यूब पर देखा तो पता चला कि यह 1967 में आई हिंदी फिल्म अराउंड दा वर्ड का गीत है ...रेडियो पर इसे बार 2 सुनाई देने पर न थकते थे, न अकते थे....
![]() |
| न्यूयार्क के स्टेचू ऑफ लिबर्टी के खुशनुमा बाग का दिलकश नज़ारा |
हमारे एक दोस्त आज कल श्री मति जी के साथ अमेरिका की यात्रा पर हैं...वहां से वह वहां के कुदरती नज़ारों की तस्वीरें और वीडियो भेजते हैं ...हैरत में पड़ जाता हूं मैं उन सब नज़ारों को देख कर ...ऐसे ऐसे मनोरम नज़ारे, नदियां, पहाड़, झरने- उन का वर्णन ही नहीं कर सकता...मैं अकसर यह सब देख कर यही सोचता हूं कि यह तो दुनिया के एक देश के एक इलाके के दृश्य हैं ...और पूरी दुनिया में न जाने क्या अद्भुत भरा पड़ा होगा....
![]() |
| न्यू-यार्क में एक सप्ताह रहने के बाद ...ऐसे लगने लगा जैसे ज़िंदगी ही बदल सी गई है😎😂 |
हमें भी चार साल पहले अमेरिका के वाशिंगटन-न्यू-यार्क और न्यू-जर्सी जाने का मौका मिला था ..आठ दस दिन ही रहे लेकिन वही बात ..नज़ारे देख कर थक गए, तस्वीरें लेकर ऊब गए...वहां की आबोहवा के कारण चेहरे बदल गए (शायद यह भी खुशफ़हमी ही रही होगी...😃)...कभी कभी ख्वाबों की उड़ान भरते भरते (उसमें कौन सा पैसा लगता है!) मेरा तो वहां से आने का मन ही नहीं करता था ...लेकिन फिर भी अपनी दाल-रोटी और कांच के गिलास- कप में कड़क चाय पीने के लिए तरस गए....चाय-काफी मिलती तो थी सब जगह लेकिन वही कोई स्टाईरोफोम के मग या कप में ही ...अजीब सा स्वाद लगता था, ऐसे लगता था सच में जैसे दवाई पी रहे हैं ...जैसे तैसे दिन बीते और वापिस देश लौट आए। इतनी तस्वीरें खींची कि फोन भी थक गया और हम भी ..हम दोनों एक दूसरे से ही थक गए।
![]() |
| यह व्हाइट-हाउस के अंदर की तस्वीर है ....चार बरस पहले ... |
अभी भी अखबारों में इश्तिहार आते रहते हैं कि उन उन देशों का टूर कर लो, अब देख कर नज़रअंदाज़ करने लगे हैं...पहले अखबार की कतरन रख लिया करते थे ...लेकिन उन का भी कुछ हुआ नहीं, कभी कहीं गए ही नहीं, आने वाले वक्त का पता नहीं ...लिखते लिखते ख्याल आया पहले हिंदी-इंगलिश के मैगज़ीन में पर्यटन विशेषांक आते थे (जैसे सरिता में) ...जहां पर कुछ हिल स्टेशन या अन्य टूरिस्ट स्पॉट के बारे में जानकारी मिलती थी ...उन पन्नों का ज़रूर पढ़ा करते ...खास कर, यह जानने के लिए कि वहां जाना कैसे है, रेलगाड़ी कहां तक जाती है, वहां से बस या टैक्सी में कितना वक्त लगता है ....इतना सब कुछ पढ़ कर ही मज़ा आ जाता है ...जाना वाना तो कहां होता है , सिवाए नानी-दादी के घर-अंगना जाने के ....😎
![]() |
| न्यू-यार्क में सब लोग स्टॉक-मार्केट के पास डटे हुए इस सांड के साथ कुछ कुछ पंगे ले रहे थे ....मैंने भी फोटो खिंचवा ली एक |
कश्मीर जाने की तमन्ना है जब से होश संभाला है ...लेकिन नहीं जा नहीं पाए...मां जब तक रहीं कहती रहीं कि जाओ, हो कर आओ....कश्मीर नहीं देेखा तो कुछ नहीं देखा...दरअसल वह कश्मीर के उस इलाके (मीरपुर) की रहने वाली थीं जो अब पाकिस्तान के कब्जे में है, मां के दादाजी की लारीयां थीं वहां ...ये बड़े रईस थे (वैसे उन दिनों सभी रईस थे जैसे सभी लोगों से किस्से सुने हैं...)..ये लोग कश्मीर आते जाते रहते थे ...
हम भी पिछले कईं बरसों से यही सोच रहे हैं वहां जाएंगे ...जाएंगे ...रोड़ से जाना मोशन सिकनेस की वजह से मुमकिन नहीं है, हवाई यात्रा वहां जाने के लिए करना नहीं चाहते क्योंकि उस से तो ऐसी फील आएगी जैसे किसी ने एयर-एम्बुलेंस में एक जगह से दूसरी जगह तक पहुंचा दिया....बस, अब ट्रेन चलने का इंतज़ार कर रहे हैं....यह तो रही कश्मीर की बात,,,.रेलवे में 32 बरस से काम करने के बावजूद भी हम लोग कहीं नहीं गए...कभी बच्चे छोटे थे, कभी बड़े हो गए, कभी कोई मजबूरी, कभी कोई ....और 300 दिन की छुट्टियां भी इक्ट्ठी करने के चक्कर में भी अपने हिस्से की ज़िंदगी जी ही नहीं ....सच में कईं बार ऐसा ही लगता है ....300 दिन तो अभी भी नहीं बन पाए ....सारांश यही कि हमने अपना देश ही नहीं, किसी प्रदेश को या किसी इलाके को भी कहां तबीयत से देखा ....पंजाब में लगभग तीस-पैंतीस बरस रहे.....28 बरस अमृतसर में और 5-6 बरस फिरोज़ुपर में ...बस, उतना ही देखा पंजाब को या जितना ट्रेन या बस में जाते जाते दिख गया...
जिस भी शहर में रहे, उस को बामुश्किल 2-4-5-10 प्रतिशत ही जान पाए ....और उस से भी कम देख पाए ....यही हाल मुंबई का है ...अभी मुझे मेरे घिसे-पिटे घुटने होते हुए भी नई नई जगहों पर टहलने का शौक है ...नए रास्ते नापने अच्छे लगते हैं, फुटपाथ पर ज़िंदगी दिखती है, सारे किरदार वहीं एक साथ दिख जाते हैं....लेकिन फिर भी मैं मुंबई की तो बात ही क्या करूं....मुंबई के जिस इलाके में रहता हूं वहां के नेबरहुड के बारे में ही नहीं जानता....कुछ दिन पहले एक किताब दिखी .. फोर्ट वॉक्स ....इस के पन्ने उलटने पर इस बात की डिप्रेशन हुई कि हम बंबई को बिल्कुल भी नहीं जानते ....
| किताब के नीचे रखी अखबार में जो फोटो दिख रही है उस में लालू जी राहुल गांधी को मशविरा दे रहे हैं, अब दाड़ी मुंडवा लो और शादी बना डालो... |
बस, इस तरह की किताबें इक्ट्ठा कर लेने से, टीटीके द्वारा प्रकाशित विभिन्न शहरों के कैटालॉग, नक्शे, पर्यटन विभाग के पेम्फलेट्स, आईआरटीसी के विज्ञापन, थामसन कुक के अखबा....सब कुछ जमा करते रहे हैं कि कभी जाएंगे ...कभी इन को हाथ में पकड़ कर दुनिया देखेंगे ...जब कि आज के दिन अगर दुनिया में कहीं भी भ्रमण करने का जज़्बा है तो हाथ में मोबाईल ही काफ़ी है....वैसे तो पेमेंट के लिए भी इतना ही काफ़ी है, अगर क्रेडिट-डेबिट कार्ड भी बटुए में होगा तो ठीक ही है ...
बात यही है कि हम लोग अपनी खुशियों को टालते रहते हैं ...जिस काम को करने में हमें खुशी मिलती है, वह हम टालते रहते हैं जब तक हम उम्र के उस दौर में नहीं पहुंचते कि हमारा दिल तो करे बहुत जगह जाने को ....ज़िंदगी जीने को ..लेकिन घुटने हड़ताल कर दें ...वैसे भी हम समझते हैं कि युवावस्था से शुरू हो कर बंदा अपनी इच्छाओं की विशलिस्ट बनाने में मसरूफ़ रहता है कि इन इन जगहों पर जाएंगे ....ये ये काम करेंगे ...ट्रेकिंग करेंगे ...कैंपिंग करेंगे...म्यूज़िक सीखेंगे...म्यूज़िक इंस्ट्यूमैंट भी सीखेंगे .....और फिर देखते ही देखते उम्र का वह दौर आ जाता है जब इंसान इस विश-लिट की आइटमों को काटना शुरू कर देता है ....क्या करेंगे वहां जाकर ...इतना कुछ तो वाट्सएप पर देख चुके हैं, फलां फलां जगह जाना अब न हो पाएगा, अब क्या म्यूज़िक सीखेंगे, इस बुढ़ापे में अब क्या गिटार सीखते अच्छे लगेंगे, ऐसे ही ख्याल आते हैं....बस, ऐसे ही सब कुछ टलता रहता है, जितना मैं ज़िंदगी को अब तक समझा हूं ...
| ठीक से पढ़ने के लिए इस पर क्लिक कर सकते हैं... |
इतना कुछ लिखने के बाद और यह लिखने से पहले भी और लिखते वक्त भी मुझे रविंद्र नाथ टैगोर के वे अल्फ़ाज़ याद आ रहे हैं....जिसे मैंने अपने कमरे की दीवार पर टांग कर रखा हुआ है ...ताकि मैं उन की यह बात कभी न भूलूं.....उन्होंने यही बात कही है कि मैं दुनिया भर को देख आया....पहाड़, झरने, समंदर, आसमां....सब कुछ देख लिया...लेकिन मैंने अपने कमरे की खिड़की केे बाहर धान के पौधे की बाली पर ओस की बूंदों को तो देखा ही नहीं....
बस, रविंद्रनाथ टैगोर की बात दिल में घर कर गई है ....बार बार याद आती रहती है .....जितना भी देख लेंगे, कुछ न कुछ तो छूट ही जाएगा...और वैसे भी अपने परिवेश में, अपने आस पास देखना होगा, उसी से जान पहचान बढ़ानी होगी.....और हां, इतनी बात पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि इस काम के लिए आप को मेडिटेशन (ध्यान) का अभ्यास निरंतर करना होगा .....सब कुछ उसी में शामिल है, रचा बसा हुआ है ....ज़्यादा भाग-दौड़ स्वतः ही ज़िंदगी से दूर होने लगती है .....आजमा कर देखिए आप भी कभी .....
![]() |
| स्टेचू ऑफ लिबर्टी जब गए ही थे, तो फोटो भी खिंचवा ली....😎 |





No comments:
Post a Comment